पटना में 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रों का प्रदर्शन उग्र हो गया। गांधी मैदान से राजभवन की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
लाठीचार्ज के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शन स्थल पर काफी देर तक पुलिस और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर पुलिस की भारी तैनाती की गई।
बैरिकेडिंग तोड़कर राजभवन की ओर बढ़े छात्र
प्रदर्शनकारी छात्र गांधी मैदान से मार्च करते हुए राजभवन की ओर जा रहे थे। पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग लगा रखी थी। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर वाटर कैनन और फिर लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया गया।
70वीं BPSC परीक्षा रद्द करने की मांग
छात्र 70वीं BPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक से जुड़े आरोपों की जांच की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और उनकी शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से समाधान होना चाहिए।
आंदोलन में TRE-4.0 की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर भी छात्रों की नाराजगी सामने आई है। अभ्यर्थी TRE-4 की परीक्षा सिंगल स्टेज में कराने और नेगेटिव मार्किंग खत्म करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा- प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने देंगे
DSP कामाख्या नारायण सिंह ने कहा कि प्रदर्शनकारियों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के साथ छात्रों की बातचीत सकारात्मक रही है और उम्मीद है कि छात्र अपनी मांगों को बातचीत के माध्यम से रखने पर सहमत होंगे।
सरकार से बातचीत की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ सीधे बातचीत करने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
इस बीच विपक्ष की ओर से भी सरकार से छात्रों की मांगों पर सकारात्मक बातचीत कर समाधान निकालने की अपील की गई है। साथ ही BPSC, BSSC, शिक्षक भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लंबित परीक्षाओं की समयबद्ध तारीख घोषित करने की मांग उठाई गई है।
News Wani
