जयपुर। विद्याधर नगर इलाके में आपसी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंदिर मोड़ पर दोनों पक्ष पुराने विवाद को सुलझाने और राजीनामा करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन बातचीत के दौरान मामला फिर बिगड़ गया और चाकूबाजी शुरू हो गई। हमले में 22 वर्षीय शाकिर की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई कय्यूम घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच वारदात से एक दिन पहले शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्ष मंदिर मोड़ पर इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और एक पक्ष ने चाकू से हमला कर दिया।
घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि उसे राजीनामे के लिए बुलाया गया था। मौके पर पहुंचने के बाद उसे कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके चलते उसने अपने भाई शाकिर को भी वहां बुला लिया। कय्यूम के मुताबिक, मौके पर करीब पांच से छह लोग मौजूद थे। आरोपियों ने चाकू निकालकर पहले शाकिर की जांघ पर वार किया और बाद में उस पर भी हमला कर दिया।
हमले में शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बह गया। परिजन उसे इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब 2:30 बजे उसकी मौत हो गई। शाकिर के घर में बेटे के जन्म की खुशियां अभी ठीक से थमी भी नहीं थीं; वह महज 10 दिन पहले ही पिता बना था।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी और वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और चाकूबाजी में कौन-कौन शामिल था।
News Wani
