Breaking News

पटना में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, तीन कथित शूटरों की मौत; SHO को भी लगी गोली, अस्पताल में जमकर बवाल

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मारे गए तीनों व्यक्ति पेशेवर शूटर थे और सुपारी लेकर हत्या की वारदातों को अंजाम देते थे। मुठभेड़ के दौरान मनेर थाने के एसएचओ रजनीश कुमार के हाथ में भी गोली लगी है।

घटना मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास सुबह करीब 4:30 बजे हुई। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। इसके बाद एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने इलाके में कार्रवाई शुरू की।

20 मिनट तक दोनों तरफ से हुई फायरिंग

पुलिस के अनुसार, टीम के मौके पर पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में अपराधियों की ओर से 24 राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 18 राउंड फायरिंग की। इस दौरान राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव गोली लगने से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक देसी पिस्टल और दो देसी कट्टे बरामद किए गए। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और खाली कारतूसों की जांच की।

अस्पताल में पांच घंटे तक हंगामा, पुलिस से भिड़े परिजन

तीनों के शव दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि मारे गए लोगों का संबंधित हत्या के मामले से कोई संबंध नहीं था।

विरोध के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई। आक्रोशित लोगों ने पथराव किया और अस्पताल परिसर में खड़े वाहनों के शीशे तोड़ दिए। एक एंबुलेंस को भी नुकसान पहुंचाया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को अस्पताल परिसर से बाहर किया। सुरक्षा के लिए चार थानों की पुलिस और 100 से अधिक जवान तैनात किए गए।

मीसा भारती ने उठाए एनकाउंटर पर सवाल

हंगामे की जानकारी मिलने पर राजद सांसद मीसा भारती दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए और किसी के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।

मीसा भारती ने परिजनों को समझाते हुए पहले पोस्टमार्टम कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाए और कानूनी लड़ाई के लिए आगे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

तीन डॉक्टरों का पैनल करेगा पोस्टमार्टम

काफी समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तीनों शवों का पोस्टमार्टम पटना एम्स में डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी होगी और परिजनों की मौजूदगी भी रहेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

पैक्स अध्यक्ष की हत्या से जुड़ रहे मुठभेड़ के तार

पुलिस की कार्रवाई को मनेर के ब्यापुर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। 19 अक्टूबर की रात बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने पैक्स अध्यक्ष और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस हमले में संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि पिंटू कुमार घायल हुए थे।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस वारदात के पीछे पंचायत चुनाव से जुड़ी पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई थी। हालांकि, मुठभेड़ में मारे गए लोगों की भूमिका और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच महत्वपूर्ण होगी।

About NW-Editor

Check Also

पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक का मामला

पटना। बिहार की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थाओं में शामिल पटना विश्वविद्यालय एक बार फिर परीक्षा व्यवस्था …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *