Breaking News

मुंबई कोस्टल रोड पर BMW फ्लाईओवर से नीचे गिरी, 3 की मौत और एक गंभीर घायल

मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार BMW कार फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 वर्षीय एक युवक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना सामने आया है।

हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। काले रंग की BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया और वाहन फ्लाईओवर से नीचे जा गिरा। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुर्घटनास्थल की जांच करते हुए कार से जरूरी नमूने जुटाए और हादसे से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित किए।

दो मृतकों की पहचान हुई

अस्पताल की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धिर्या सेठ शामिल हैं। तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है।

हादसे में घायल करीब 20 वर्षीय युवक को नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मौके से मिले साक्ष्यों और वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है।

मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबा मार्ग है, जो दक्षिण मुंबई के मरीन ड्राइव क्षेत्र को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। हादसे के बाद इस मार्ग पर सुरक्षा और तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं

About NW-Editor

Check Also

देश के कई हिस्सों में बारिश-बाढ़ का कहर, मुंबई से बिहार तक जलभराव; ओडिशा में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

उपशीर्षक: मुंबई की सड़कें और एयरपोर्ट क्षेत्र पानी में डूबे, शिमला में भूस्खलन से पेड़ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *