भारत ने एची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती दिन शानदार प्रदर्शन किया है। भारतीय खिलाड़ियों ने शूटिंग में दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए हैं। एलावेनिल वलारिवन ने महिला 10 मीटर एयर राइफल के व्यक्तिगत मुकाबले में 252.4 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। वह जापान की हिनाता ताइची से महज 0.6 अंक पीछे रहीं।
इससे पहले एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद की भारतीय टीम ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम ने 1898.0 अंक हासिल किए, जबकि चीन ने 1904.2 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारत के लिए मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में भी पदक पक्का हो गया है। सुचिका तरियाल ने ट्रेडिशनल कैटेगरी के -60 किलोग्राम सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लिया है। उन्होंने मंगोलिया की अल्तनचिमेग बैगलमा को 2-0 से हराया।
वहीं महिला हॉकी टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जोरदार अंदाज में की। भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया। इस मुकाबले में दीपिका ने अकेले 8 गोल दागे। पुरुष हॉकी टीम भी अपने शुरुआती मुकाबले में इंडोनेशिया के खिलाफ बढ़त बनाए हुए है।
टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने इंडोनेशिया को ग्रुप मुकाबले में 3-0 से हराकर जीत से शुरुआत की। महिला टीम ने भी 3-0 से जीत दर्ज की।
शूटिंग के व्यक्तिगत फाइनल में एलावेनिल लंबे समय तक स्वर्ण पदक की दौड़ में आगे रहीं, लेकिन अंतिम चरण में जापानी निशानेबाज ने बढ़त बना ली। आखिरी शॉट में एलावेनिल ने 10.1 और हिनाता ने 10.2 अंक हासिल किए। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
भारत के लिए शुरुआती दिन की पदक तालिका में शूटिंग का प्रदर्शन खास रहा। वहीं वुशु और टेकबॉल में भारतीय खिलाड़ियों को पदक मुकाबलों में सफलता नहीं मिली। महिला क्रिकेट में भारत और बांग्लादेश के बीच सेमीफाइनल मुकाबला भी जारी है।
भारत की पदक उम्मीदें और बढ़ीं
एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार चर्चा में बना हुआ है। शूटिंग में दो रजत पदक मिलने के बाद भारत की पदक तालिका में स्थिति मजबूत हुई है। एलावेनिल वलारिवान के व्यक्तिगत रजत के अलावा टीम इवेंट में भी भारतीय निशानेबाजों ने सिल्वर अपने नाम किया।
सुचिका तरियाल ने बनाया खास रिकॉर्ड
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तरियाल की उपलब्धि भी भारत के लिए महत्वपूर्ण रही। 36 वर्षीय सुचिका ने अलग-अलग मुकाबला खेलों में हिस्सा लेने के बाद MMA में एशियन गेम्स डेब्यू किया है। इससे पहले वह जूडो, कुराश और जिउ-जित्सु में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2024 में वह जिउ-जित्सु की वर्ल्ड चैंपियन भी रह चुकी हैं। अब MMA के सेमीफाइनल में पहुंचकर उन्होंने एशियन गेम्स में अपना पहला पदक पक्का कर लिया है।
महिला हॉकी टीम की बड़ी जीत
भारतीय महिला हॉकी टीम ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ 19-0 की एकतरफा जीत दर्ज की। टीम की ओर से दीपिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 गोल किए। इस जीत से भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने अभियान की मजबूत शुरुआत की है। मुकाबले के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया और उज्बेकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
पुरुष हॉकी में भी भारत की बढ़त
पुरुष हॉकी टीम ने भी अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ की। मैच के दौरान भारतीय टीम ने लगातार गोल करते हुए बढ़त बनाए रखी। टीम की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर टूर्नामेंट में सकारात्मक शुरुआत करने की रही।
टेबल टेनिस में भारत का दबदबा
टेबल टेनिस में भारतीय पुरुष टीम ने ग्रुप-F के मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से शिकस्त दी। जी. साथियान ने अपने मुकाबले में 3-0 से जीत दर्ज की, जबकि मानव ठक्कर ने कड़े मुकाबले में 3-2 से जीत हासिल की। मनुष शाह ने भी 3-0 से मुकाबला अपने नाम किया। भारतीय टीम का अगला मुकाबला ईरान से होना है।
महिला क्रिकेट टीम पर भी नजर
महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने-सामने हैं। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। इस मुकाबले पर भी भारतीय प्रशंसकों की नजरें टिकी हैं, क्योंकि जीतने वाली टीम फाइनल में जगह बनाएगी।
वुशु और टेकबॉल में पदक से चूके भारतीय खिलाड़ी
वुशु में भारत के सूरज सिंह मयांगलंबम ने पुरुष चांगक्वान फाइनल में 9.683 अंक के साथ 11वां स्थान हासिल किया। वहीं टेकबॉल में क्विम्सी डिसूजा को महिला एकल के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जापान की युइना सकामोटो से हार मिली। इसके बाद क्विम्सी और मोहम्मद अनस बेग की भारतीय जोड़ी को मिक्स्ड डबल्स के ब्रॉन्ज मुकाबले में भी हार का सामना करना पड़ा।
तैराकी में ऋषभ दास फाइनल में
तैराकी में भारत के लिए ऋषभ दास ने पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक में फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। वहीं 100 मीटर फ्रीस्टाइल में बेनेडिक्शन बेनिस्टन और आकाश मणि ने भी प्रतिस्पर्धा की। इससे भारतीय दल की अलग-अलग खेलों में पदक की उम्मीदें बनी हुई हैं।
News Wani
