फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उमरा में खेत गए 40 वर्षीय युवक को जहरीले कीड़े ने काट लिया, जिससे झाड़-फूंक के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने परिजनों के आरोप पर तांत्रिक को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार उमरा गांव निवासी स्वर्गीय सट्टू के पुत्र रामचंद्र खेत गए थे। इसी दौरान किसी जहरीले कीड़े ने उन्हें काट लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन उन्हें झाड़-फूंक कराने के लिए तांत्रिक के पास ले गए। वहां कई घंटे तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन इसी दौरान रामचंद्र की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के आरोप के आधार पर पुलिस ने तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। यह भी स्पष्ट होगा कि युवक की मौत जहरीले कीड़े के काटने से हुई या किसी अन्य कारण से।
News Wani
