फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के गाटा गांव में वीडियो बनाने से रोकने को लेकर महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। महिला ने मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।
गाटा गांव निवासी संगीता देवी पत्नी बालचंद्र शर्मा ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 27 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति के साथ घर पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही गुड्डू यादव पुत्र उड़न यादव वीडियो बना रहा था। महिला ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताते हुए उसे रोकने का प्रयास किया।
महिला का आरोप है कि इस बात से नाराज होकर युवक ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर गुड्डू यादव ने उनके साथ और उनकी पुत्री के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि युवक ने धमकी दी कि उसने महिला का वीडियो बना लिया है और उसे वायरल कर देगा।
घटना के बाद पीड़िता ने 28 सितंबर को किशनपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। हालांकि, आरोप है कि मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि युवक इससे पहले भी उसकी पुत्री प्रांवी देवी को रास्ते में आते-जाते कथित रूप से अश्लील बातें कहकर परेशान करता रहा है। लोकलाज के चलते परिवार ने पहले इस मामले को गंभीरता से नहीं उठाया, लेकिन बेटी की सुरक्षा को लेकर अब महिला ने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
संगीता देवी ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
News Wani
