फतेहपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहपुर में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश सरकार की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल तथा पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण भी किया।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पोस्टर, चित्र एवं रंगोली प्रदर्शित की गईं। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर छात्राओं की रचनात्मकता की सराहना की। इस दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की लाभार्थीपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित करने के साथ प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटकों के जरिए योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों का भी उल्लेख किया।
जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं तथा विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले मेडल और प्रशस्ति पत्र
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्यमंत्री ने मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सीनियर वर्ग में गौरी देवी ने प्रथम, पिंकी देवी ने द्वितीय और सागर कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में गौरव प्रथम, गार्गी द्वितीय और मोहम्मद रेहान तृतीय स्थान पर रहे। राज्यमंत्री ने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अर्चना पाण्डेय, जिला महामंत्री सुशीला मौर्या, भाजपा जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह पटेल, महिला मोर्चा की पदाधिकारी शोभावती, निशा, मंजू शुक्ला, सुधा मौर्या, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित विभिन्न पदाधिकारी, अधिकारी, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता तथा छात्राएं मौजूद रहीं।

News Wani