लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार को UGC के विरोध में सवर्ण मोर्चा से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया। संगठन के आह्वान पर 300 से अधिक लोग वीमेन पावर लाइन चौराहे पर जुटे और UGC के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘संवैधानिक अछूत’ सहित विभिन्न स्लोगन लिखी तख्तियां थीं।
करीब आधे घंटे तक चौराहे पर प्रदर्शन करने के बाद प्रदर्शनकारी लोहिया पथ होते हुए हजरतगंज की ओर बढ़े। इसके बाद उन्होंने सवर्ण सांसदों और विधायकों की सांकेतिक अर्थी निकाली और नेताओं के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा और भीड़ के साथ चलता रहा।
प्रदर्शन में सवर्ण समाज के साथ अन्य वर्गों के लोग भी शामिल हुए। एक प्रदर्शनकारी की तख्ती पर लिखा था, ‘मैं ओबीसी हूं, मैं सीना ठोंककर कहता हूं, सवर्ण भाइयों के साथ अन्याय नहीं होने दूंगा।’
सवर्ण मोर्चा के अध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि संगठन सत्ता में बैठे सवर्ण समाज के नेताओं से लगातार सवाल कर रहा है। उन्होंने UGC को लेकर विरोध जारी रखने की बात कही। उनका आरोप है कि इस कानून से उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत विवाद बढ़ सकते हैं और इसके दुरुपयोग की आशंका है।
प्रदर्शन में शामिल एलएलबी छात्र अभिनव प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सभी छात्र एक साथ पढ़ते हैं। उनका दावा है कि इस तरह के प्रावधान लागू होने से शिक्षण संस्थानों में जातिगत विभाजन बढ़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने UGC को वापस लेने की मांग करते हुए आंदोलन आगे भी जारी रखने की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उच्च शिक्षा से जुड़े किसी भी नए प्रावधान को लागू करने से पहले छात्रों, शिक्षकों और सभी सामाजिक वर्गों से चर्चा की जानी चाहिए। उनका आरोप है कि बिना व्यापक विचार-विमर्श के लिए गए फैसलों से विश्वविद्यालयों में असंतोष बढ़ सकता है। संगठन ने सरकार से मांग की कि प्रस्तावित प्रावधानों को सार्वजनिक किया जाए और उन पर खुली बहस कराई जाए।
मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में जिला स्तर पर भी ज्ञापन और विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेश के अन्य शहरों तक विस्तार दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने सांसदों और विधायकों से भी इस मुद्दे पर संसद और विधानसभा में आवाज उठाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ने दिया और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए निगरानी रखी। अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी तरह की बड़ी घटना की सूचना नहीं है।
News Wani
