मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)। फ्लाईओवर निर्माण के कारण पिछले छह महीने से बंद पड़े रेलवे फाटक संख्या 341/SPL को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे फाटक पर एकत्र हुए और रेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मुरादाबाद के नाम संबोधित ज्ञापन थाना प्रभारी अवधेश कुमार सेंगर को सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि फाटक बंद होने के बाद रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग की कोई व्यवस्था नहीं की। इससे आसपास के कई गांवों के लोगों को रोजाना 10 से 11 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को हो रही है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस को भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। बरसात के कारण रास्ते खराब होने से समस्या और गंभीर हो गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि फ्लाईओवर बनने तक रेलवे फाटक संख्या 341/SPL या 342/SPL में से किसी एक को पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहनों और ई-रिक्शा के लिए खोला जाए। साथ ही सुरक्षा के लिए रेलकर्मियों की तैनाती की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो मंगलवार से बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह रेल प्रशासन की होगी।

News Wani