फतेहपुर। नवरात्र के तीसरे दिन मंगलवार को भगवती स्वरूप मां चंद्रघंटा देवी के दर्शन-पूजन के लिए मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। घरों और दुर्गा पंडालों में भी मां दुर्गा की स्तुति की गई।
शहर स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। मां दुर्गा की तीसरी शक्ति के दर्शन करने के लिए मंदिरों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। नारियल, फूल, चुनरी और प्रसाद लेकर भक्त मंदिरों के बाहर जय जगदंबे के जयकारे लगाते रहे। महाआरती के दौरान घंटों और शंख की ध्वनि से मां का परिसर गूंजायमान होता रहा।
मंदिरों और घरों में भजन-कीर्तन की धूम रही। इसके अलावा घरों एवं दुर्गा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं की सुबह से ही धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। देवी मंदिरों में सुबह-शाम महाआरती के साथ दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। शहर के अधिकांश मां दुर्गा मंदिरों में मोहल्ले की महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन भी शुरू कर दिया गया है। मां दुर्गा मंदिर समेत शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थित मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।
मुंडन और कर्णछेदन संस्कार हुए
नवरात्र के तीसरे दिन भक्तों ने मां चंद्रघंटा की उपासना की। देवी मंदिरों में सुबह से ही जयकारे लगाते हुए भक्त मंदिरों की ओर जाते नजर आए। घरों में भी पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। शहर के ताम्बेश्वर मंदिर के बाहर बच्चों के मुंडन और कर्णछेदन संस्कार की धूम मची रही। मुंडन संस्कार कराने वालों का तांता लगा रहा।
News Wani
