खागा, फतेहपुर। खागा कस्बे के डाक बंगले में गुरुवार को आयोजित राज्यमंत्री एवं खागा विधायक कृष्णा पासवान के जनता दरबार में रामपुर अफोई गांव की एक वृद्ध विधवा महिला ने अपनी जमीन पर कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसकी गैरमौजूदगी में उसके खेत की मेड़ तोड़कर जमीन को दूसरे खेत में मिला लिया गया।
पीड़िता के मुताबिक, जब वह अपनी जमीन की मेड़ बांधने पहुंची तो विपक्षी पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला का कहना है कि घटना के बाद से वह लगातार न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रही है।
पीड़िता ने बताया कि उसने 23 जून, 30 जून और 6 जुलाई को आयोजित समाधान दिवस में भी शिकायत की थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके अलावा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का उसने दावा किया है।
लगातार शिकायतों के बावजूद न्याय नहीं मिलने से परेशान वृद्ध विधवा गुरुवार को राज्यमंत्री के जनता दरबार पहुंची और अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराया। अब पीड़िता को उम्मीद है कि राजस्व एवं पुलिस विभाग मामले की जांच कर उसकी जमीन की पैमाइश कराएगा। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
