Breaking News

डीएम के आदेश हवा-हवाई! बिना मानकों के अब भी चल रहीं कोचिंग, सड़क पर उमड़ रही छात्रों की भीड़

महोबा। जनपद में बिना निर्धारित मानकों के संचालित कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। मंगलवार शाम शहर के रामकथा मार्ग क्षेत्र में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कोचिंग संस्थानों से निकलते नजर आए, जिससे सड़क पर भीड़ बढ़ गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन ने पूर्व में बिना मानक संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने, अग्निशमन सुरक्षा, पार्किंग, भवन सुरक्षा, आपातकालीन निकास सहित अन्य अनिवार्य मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई कोचिंग संस्थान पूर्व की तरह ही संचालित होते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कोचिंग समाप्त होने के समय सड़क पर छात्रों की भारी भीड़ लग जाती है, जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। व्यस्त मार्ग होने के कारण बड़े वाहनों और दोपहिया वाहनों के बीच छात्रों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिलाधिकारी के निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराया जा रहा है या कार्रवाई केवल कागजी औपचारिकता बनकर रह गई है? लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि एक बार फिर व्यापक जांच अभियान चलाकर बिना मानकों के संचालित कोचिंग संस्थानों का सत्यापन कराया जाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

About NW-Editor

Check Also

महोबकंठ में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन, ओवरलोडिंग और डग्गामारी पर आधा दर्जन से ज्यादा वाहन सीज

महोबकंठ में RTO का चाबुक, आधा दर्जन पिकअप और डग्गामार वाहन सीज, मचा हड़कम महोबा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *