चीन के पूर्वी तटीय इलाकों में डॉल्फिन तूफान ने दस्तक देने के बाद भारी तबाही मचाई है। करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान के कारण शंघाई समेत कई शहरों में तेज बारिश और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 10 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
शंघाई में तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। यहां करीब 150 साल में सबसे अधिक बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं और घरों-दुकानों में पानी भर गया। प्रशासन ने कुछ हिस्सों में 30 सेंटीमीटर तक जलभराव की आशंका जताई है।
943 उड़ानें रद्द, परिवहन सेवाएं प्रभावित
भारी बारिश और तेज हवाओं के चलते शंघाई के दो प्रमुख एयरपोर्ट से 943 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। कई लोकल ट्रेन और अन्य परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुईं। खराब मौसम के कारण कुछ विमानों को दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया।
झेजियांग प्रांत में तूफान की तेज हवाओं से एक ट्रक पलट गया। समुद्र में ऊंची लहरें उठीं और कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
बीजिंग समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट
तूफान का असर चीन की राजधानी बीजिंग तक पहुंच गया है। शहर के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, तूफान अब कमजोर पड़ रहा है और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। हालांकि, इसका विशाल बादल तंत्र करीब 1,300 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में भारी बारिश का खतरा बना हुआ है।
चीन में क्यों आते हैं इतने शक्तिशाली तूफान?
पश्चिमी प्रशांत महासागर का क्षेत्र दुनिया में उष्णकटिबंधीय तूफानों के लिए सबसे सक्रिय इलाकों में शामिल है। गर्म समुद्री सतह से बड़ी मात्रा में नमी और ऊर्जा मिलने के कारण यहां बनने वाले तूफान तेजी से ताकतवर हो सकते हैं।
समुद्र का बढ़ता तापमान भी तूफानों की तीव्रता को प्रभावित करता है। गर्म पानी से अधिक वाष्प ऊपर उठती है, जो तूफान के लिए अतिरिक्त ऊर्जा का काम करती है। यही वजह है कि चीन, जापान, ताइवान और आसपास के देशों को हर साल शक्तिशाली तूफानों का सामना करना पड़ता है।चीन में डॉल्फिन तूफान का कहर, 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं; शंघाई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, 10 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए
News Wani
