Breaking News

ट्रांसफार्मर खराब होने से गाजीपुर गांव में बिजली संकट, एक सप्ताह से ग्रामीण परेशान

खागा, फतेहपुर। विजयीपुर विकासखंड क्षेत्र के गढ़ा विद्युत उपकेंद्र अंतर्गत गाजीपुर गांव में मस्जिद के पास रखा 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने से ग्रामीणों को बीते एक सप्ताह से बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव के लोगों के दैनिक जीवन पर व्यापक असर पड़ा है। पेयजल संकट के साथ ही घरों में चलने वाले बिजली के उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, मस्जिद के पास स्थापित 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इससे गांव के लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

गांव निवासी मोइनुद्दीन, मोहम्मद, राजू, महेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। लगातार बिजली न मिलने से लोगों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हो रही है। जिन घरों में पानी की व्यवस्था विद्युत मोटर या सबमर्सिबल पंप से होती है, वहां लोगों को पानी के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली के अभाव में पंखे, कूलर, टीवी, फ्रिज और अन्य विद्युत उपकरण बंद पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उमस और गर्मी के बीच बिजली न मिलने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

इस संबंध में गढ़ा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता नसीम ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को ठीक कराने के लिए मैकेनिक भेजा गया था। मरम्मत के बाद एक फेज की बिजली आपूर्ति चालू की गई, लेकिन ट्रांसफार्मर पुनः खराब हो गया। उन्होंने बताया कि नए ट्रांसफार्मर के लिए एस्टीमेट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।

About NW-Editor

Check Also

गेहूं निकालते समय सांप ने महिला को डसा, कानपुर ले जाते वक्त रास्ते में मौत

फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़हा में बुधवार दोपहर गेहूं निकालते समय 26 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *