खागा, फतेहपुर। कस्बे स्थित बीआरसी भवन सभागार में शनिवार को बच्चों को अंग्रेजी, गणित और हिंदी विषय में दक्ष बनाने के उद्देश्य से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विषयवार शिक्षण की प्रभावी तकनीकों और बच्चों की समझ विकसित करने के लिए बिंदुवार टिप्स दिए गए। शिक्षकों को बताया गया कि बच्चों में विषयों के प्रति रुचि पैदा करने के साथ ही उनकी बुनियादी समझ को मजबूत करना बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण में एआरपी ने शिक्षकों को अंग्रेजी, गणित और हिंदी भाषा के शिक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। शिक्षकों को सरल एवं रोचक तरीके से पाठ पढ़ाने, बच्चों की सहभागिता बढ़ाने तथा उनकी कमजोरियों को चिह्नित कर उन्हें दूर करने के उपाय बताए गए। साथ ही कक्षा में बच्चों के स्तर के अनुसार शिक्षण पद्धति अपनाने पर भी जोर दिया गया।
एआरपी दीपक कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से बच्चों को तीनों प्रमुख विषयों में दक्ष बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी, गणित और हिंदी भाषा में बच्चों की बुनियादी पकड़ मजबूत होने से उनके आगे के शैक्षिक विकास में मदद मिलेगी। इसके लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण में बताई गई गतिविधियों और तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी रत्नमणि मिश्रा ने कहा कि विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षणों का उद्देश्य शिक्षण कार्य को अधिक प्रभावी बनाना और बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण में मिली जानकारी का विद्यालयों में प्रयोग करने और प्रत्येक बच्चे की शैक्षिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
News Wani
