उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारात में शामिल होने जा रहे दूल्हे के भाई समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को जोरदार टक्कर मारते हुए काफी दूर तक घसीट दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवारों में कोहराम छा गया। हमीरपुर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बारात में जा रही वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक वैन को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि वैन में कुल सात लोग सवार थे। जो महोबा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इनमें दूल्हे रमाकांत का छोटा भाई शशिकांत भी शामिल था। हादसे के बाद वैन में बैठे सभी लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला।
चार की मौत तीन घायल, हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर
इस हादसे में शशिकांत (30), वैन चालक कमलेश (45), जीतू (30) और मोहन (24) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रोहित (19), दिलीप (60) और एक अन्य कमलेश (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करीब 10 किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिट्टी लदे ट्रक से टकराई वैन
प्रशासन के अनुसार, ट्रक महोबा से गिट्टी लोड कर श्रावस्ती जा रहा था। जबकि वैन सवार शादी में शामिल होने के लिए महोबा जा रहे थे। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं। वहां अब मातम पसरा है। गांव में हर आंख नम है। लोग इस हादसे को लेकर स्तब्ध हैं। यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की याद दिलाती है।
News Wani
