Breaking News

धाता में गणपति की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा पूरा कस्बा

धाता, फतेहपुर। नगर पंचायत के रामलीला मैदान में जय श्री गणेश युवा समिति की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी गणेश पूजा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान बीती रात भगवान श्री गणेश की भव्य शाही सवारी निकाली गई। भगवान गणेश को आकर्षक ढंग से सजी पालकी में विराजमान कराकर गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच नगर भ्रमण कराया गया।

शाही सवारी जैसे ही रामलीला मैदान से रवाना हुई, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। डीजे और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते शाही सवारी में शामिल हुए। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शाही सवारी का स्वागत किया और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक और देशभक्ति से जुड़ी आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण, मां काली, बजरंगबली, कृष्ण-सुदामा सहित देशभक्ति पर आधारित झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। झांकियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद रही। बच्चों में भी झांकियों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

शाही सवारी में कस्बे के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बड़ी संख्या में माताएं और बहनें भी श्रद्धा के साथ शोभायात्रा में शामिल रहीं। भक्तिमय गीतों और जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश की शाही सवारी का स्वागत किया।

शाही सवारी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। इस अवसर पर धीरेन्द्र केसरवानी, आशीष कुमार पांडेय, बीरेंद्र केसरवानी, सौरभ सिंह, सुनील केसरवानी, शिवम केसरवानी, आकाश सिंह चंदेल, संतोष सिंह, सिद्धार्थ कुमार सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

गणेश पूजा महोत्सव को लेकर पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं में भगवान गणेश की पूजा और महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में 24 वर्षीय महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़नपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में 24 वर्षीय महिला ने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *