खागा, फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव के पास ईदगाह के निकट सड़क पार कर रही नीलगाय से टकराकर बाइक सवार हामिद घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब वह कुल्ली से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। अचानक सड़क पर आई नीलगाय से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल हामिद को निजी अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। इलाज के बाद परिजन उन्हें घर ले गए।
हादसे के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों और खरपतवार को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे झाड़ियां होने से वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन या अचानक सड़क पर पहुंचने वाले पशु समय रहते दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की आवश्यकता जताई, ताकि इस तरह के हादसों की आशंका को कम किया जा सके।

News Wani