Breaking News

पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग: पेट्रोल-केरोसिन के कंटेनरों के बीच डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

लखनऊ के तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार देर रात एक पेंट फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग के आसपास पेट्रोल, केरोसिन और पेंट से भरे कंटेनर रखे होने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील थी। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले इन कंटेनरों को पानी की लगातार बौछार से ठंडा रखा, ताकि आग ज्वलनशील पदार्थों तक न पहुंच सके। इसके बाद आग के मुख्य हिस्से पर पानी और फोम से हमला किया गया।

आग की गंभीरता को देखते हुए आलमबाग के अलावा सरोजनीनगर, पीजीआई, चौक और हजरतगंज फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कुल आठ फायर टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

फैक्ट्री के अंदर धुआं भरने और तापमान बढ़ने के बावजूद दमकल कर्मी बीए सेट पहनकर बेसमेंट तक पहुंचे। उन्होंने आग के मुख्य स्रोत का पता लगाकर वहां पानी और फोम की बौछार की। बाहर से की जा रही फायर फाइटिंग और अंदर से अभियान के चलते आग धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी।

करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने भी आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

समय रहते आग पर नियंत्रण होने से पेट्रोल और केरोसिन के कंटेनरों तक लपटें पहुंचने से बच गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग फैक्ट्री में हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में जलभराव के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन: गंदे पानी से घरों तक परेशानी, पंपिंग स्टेशन पर नारेबाजी; एक घंटे जाम रहा रास्ता

लखनऊ। मिश्रीबाग इलाके में जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *