Breaking News

यूपी समेत कई राज्यों में बारिश का कहर, चित्रकूट में यूपी-MP को जोड़ने वाला पुल डूबा; उत्तराखंड में पहाड़ खिसका

उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लखनऊ में कई घंटे हुई तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई। सड़कें पानी में डूब गईं और कई घरों के अंदर तक बारिश का पानी पहुंच गया। जानकीपुरम और गोमती नगर समेत कई क्षेत्रों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदेश में गंगा, यमुना, शारदा और अन्य नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रयागराज में बाढ़ का खतरा बढ़ने के साथ प्रशासन अलर्ट है, जबकि वाराणसी में गंगा का पानी घाटों के किनारे बने मंदिरों तक पहुंच गया है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से यूपी और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला पुल भी पानी में डूब गया।

उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण चमोली के पास पहाड़ी का हिस्सा खिसक गया। मलबा और बोल्डर सड़क पर आने से बद्रीनाथ हाईवे बाधित हो गया। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण दर्जनों सड़कें बंद हैं।

हिमाचल प्रदेश में भी मानसून से जुड़ी घटनाओं ने मुश्किलें बढ़ाई हैं। वहीं ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में भी कई इलाकों में तेज बारिश, जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

About NW-Editor

Check Also

शाहजहांपुर में अतिवृष्टि से 60 सड़कें क्षतिग्रस्त, गांवों में पहुंची राजस्व टीमें; जेसीबी से रास्ते बहाल करने का काम शुरू

जलालाबाद (शाहजहांपुर)। क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश और अतिवृष्टि ने जमकर कहर बरपाया है। खेतों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *