लखनऊ। रहीमाबाद क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने लखनऊ से हरदोई जा रही निजी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस दूसरी लेन में जा पहुंची। हादसे में बस चालक, कंडक्टर समेत पिकअप सवार कई लोग घायल हो गए।
घटना रहीमाबाद के भतोइया गांव के पास करीब सुबह 10 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिकअप चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बस से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चार घायलों को एंबुलेंस की मदद से मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि बस में सवार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
बताया गया कि बस में करीब 25 यात्री सवार थे। यात्रियों के मुताबिक अचानक हुई टक्कर से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।
News Wani
