मध्य प्रदेश के धार जिले के बदनावर क्षेत्र के ग्राम कारोदा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसे पत्नी का फोन पर ज्यादा बात करना पसंद नहीं था। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात आरोपी कृष्णा (30) और उसकी पत्नी रानी के बीच फोन पर बात करने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद कृष्णा घर से बाहर चला गया और शराब पीकर लौटा।
इसी दौरान रानी सो रही थी। गुस्से में आरोपी ने सोती हुई पत्नी की पीठ पर बैठकर उसकी साड़ी से ही गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने पूरी वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने शोर मचाकर कहा कि पत्नी ने जहर खा लिया है, ताकि लोगों और परिवार को गुमराह किया जा सके। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद वह रातभर सामान्य व्यवहार करता रहा और घर के बाहर खटिया पर सो गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की, तो गले पर फंदे के स्पष्ट निशान मिले, जो जहर खाने की थ्योरी से मेल नहीं खा रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण दम घुटना यानी गला घोंटना सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर पति कृष्णा को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
News Wani
