Breaking News

फतेहपुर में मिशन शक्ति की पहल, छात्राओं ने संभाली स्कूल प्रबंधन की कमान

फतेहपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के तहत जिले के विद्यालयों में बालिकाओं को नेतृत्व का अवसर देकर उनमें आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने की अनूठी पहल की जा रही है। इसी क्रम में कंपोजिट विद्यालय मलहमटा में कक्षा छह की छात्रा प्रांजल देवी तथा प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव प्रथम, विकासखंड बहुआ में कक्षा पांच की छात्रा शुभी देवी को एक दिन के लिए विद्यालय का प्रधानाध्यापक बनाया गया।
एक दिन की प्रधानाध्यापक की जिम्मेदारी संभालते हुए छात्राओं ने विद्यालय की शैक्षिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को करीब से समझा। मलहमटा में प्रांजल देवी ने प्रधानाध्यापक के रूप में विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली और नेतृत्व की जिम्मेदारियों का अनुभव प्राप्त किया। वहीं, बड़ागांव प्रथम में छात्रा शुभी देवी ने विभिन्न विद्यालयी पंजिकाओं का निरीक्षण किया। इनमें शिक्षक उपस्थिति पंजिका, छात्र उपस्थिति पंजिका, मध्याह्न भोजन वितरण पंजिका, इको क्लब पंजिका एवं क्रीड़ा पंजिका आदि शामिल रहीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को यह एहसास कराना था कि वे केवल शिक्षा ग्रहण करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भविष्य में परिवार, समाज और राष्ट्र के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। विद्यालय स्तर पर इस तरह की जिम्मेदारी मिलने से बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, प्रशासनिक समझ और आत्मविश्वास विकसित होने की उम्मीद है।
मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी बच्चों को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को बाल अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एआरपी राधेलाल सहित शिक्षक राजेश तिवारी, ऋषि कुमार, संजय वर्मा, राजेश, धर्मेंद्र कुमार, दयाशंकर, प्रदीप, धर्मेंद्र चौरसिया और प्रशिक्षु रामदेवी समेत विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ली युवक की जान, परिवार में मचा कोहराम

फतेहपुर। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख सड़कों पर होने वाले सड़क हादसे लोगों की …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *