खागा, फतेहपुर। रानी चंद्रप्रभा महाविद्यालय में चल रहे 60 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सोमवार को कैडेटों को सैन्य अनुशासन के साथ शारीरिक दक्षता, मेला प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में बांदा, अतर्रा, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या समेत आसपास के क्षेत्रों से करीब 550 एनसीसी कैडेट एवं कर्मचारी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और विभिन्न सैन्य गतिविधियों का अभ्यास कराया जा रहा है। अधिकारियों ने हथियार संचालन और फायरिंग के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों की निगरानी में कैडेटों ने फायरिंग का अभ्यास भी किया। इसके साथ ही नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सैन्य अनुशासन विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में कैडेटों को भीड़ नियंत्रण और मेला प्रबंधन के दौरान अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। परेड, शारीरिक प्रशिक्षण और सैन्य गतिविधियों में कैडेटों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण के आगामी चरण में कैडेटों को मैप रीडिंग, युद्ध कौशल, क्षेत्र रक्षा, आपदा प्रबंधन और फायर फाइटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारी के तहत बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास भी कराया जाएगा।
शिविर अधिनायक ने बताया कि संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एनसीसी प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका उद्देश्य कैडेटों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, एकता, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर कमांड ऑफिसर बृजेश पाठानिया, कर्नल योगेंद्र सिंह, दिवाकर सिंह, सुनील कुमार, महेश कुमार, विक्रम, प्रकाश सहित एनसीसी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
