गर्मी में रेडक्रास बना सहारा, ठेला व सब्जी विक्रेताओं को बांटे छाते

– सब्जी विक्रेता को छतरी भेंट करते रेडक्रास के कार्यकारी चेयरमैन।
फतेहपुर। आसमान से बरसती आग व लगातार बढ़ रही हीटवेव के बीच इंडियन रेडक्रास सोसाइटी ने जरूरतमंदों के लिए राहत का हाथ बढ़ाया। वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को आत्मसात करते हुए बुधवार को इंडियन रेडक्रास सोसाइटी के तत्वावधान में कार्यकारी चेयरमैन एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने सड़क किनारे ठेला लगाकर एवं सब्जियां बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले लोगों को छाते वितरित किए। राधानगर से वर्मा चौराहे तक चले इस सेवा अभियान के दौरान तेज धूप में बैठे दर्जनों ठेला संचालकों, फल एवं सब्जी विक्रेताओं को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से छाते प्रदान किए गए। अचानक मिले इस सहयोग से जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान दिखाई दी और उन्होंने रेडक्रास सोसाइटी के इस मानवीय प्रयास की सराहना की। डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि भीषण गर्मी और हीटवेव का सबसे ज्यादा असर उन मेहनतकश लोगों पर पड़ता है जो पूरे दिन खुले आसमान के नीचे काम करने को मजबूर होते हैं। ऐसे में समाज के हर सक्षम व्यक्ति का दायित्व है कि वह जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में सिर ढककर निकलने और खाली पेट न रहने की सलाह देते हुए हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। कार्यक्रम में प्रमुख सहयोगी एवं रेडक्रास के आजीवन सदस्य सुरेश कुमार श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव एवं चैतन्य कुमार भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों ने रेडक्रास सोसाइटी के इस सामाजिक सरोकार की जमकर सराहना की।

About NW-Editor

Check Also

वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण

– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प – पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी। फतेहपुर। देशव्यापी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *