Breaking News

हरियाणा में पत्रकारों की गिरफ्तारी पर महोबा में पत्रकारों का आक्रोश, राष्ट्रपति के नाम डीएम को सौंपा आठ सूत्रीय ज्ञापन

महोबा। हरियाणा में हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल, संपादक सौरभ उपाध्याय और महिला पत्रकार सुदेश नैनमोर को हिरासत में लिए जाने के विरोध में महोबा के पत्रकारों ने प्रदर्शन किया। संयुक्त मीडिया क्लब, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन और प्रेस क्लब ऑफ यूपी के संयुक्त नेतृत्व में पत्रकारों ने नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच, न्यायोचित कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य एकत्र हुए। पत्रकारों ने हाथों में तख्तियां लेकर हिरासत की कार्रवाई के प्रति विरोध जताया और संबंधित पत्रकारों को जल्द राहत देने की मांग उठाई। संयुक्त मीडिया क्लब के जिलाध्यक्ष भगवानदीन यादव, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया और प्रेस क्लब ऑफ यूपी के जिलाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा के संयुक्त नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, हिरासत के कारणों और आरोपों के संबंध में पारदर्शिता बरतने तथा कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। इसके साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार संरक्षण कानून लागू करने की दिशा में ठोस पहल करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष देवेंद्र अरजरिया ने कहा कि पत्रकारों के खिलाफ की जाने वाली अनुचित कार्रवाई लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता को कमजोर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा और पत्रकारिता की स्वतंत्रता से कोई समझौता नहीं होगा। पत्रकारों ने हरियाणा सरकार से मामले में उचित कार्रवाई कर संबंधित पत्रकारों को जल्द राहत देने की मांग की। प्रदर्शन में आधा सैकड़ा से अधिक पत्रकार शामिल रहे। इस दौरान तहसील अध्यक्ष इफ्तखार अली, रोकेश पटेरिया, हरिसिंह राजपूत, अमरेश, दीपक बुंदेला, धीरज और रविकरण सहित आधा सैकड़ा पत्रकार मौजूद रहे। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता और सम्मान की रक्षा के लिए वे एकजुट होकर आवाज उठाते रहेंगे।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में पत्रकारों की बैठक में संगठन विस्तार और एआई तकनीक पर मंथन, निष्पक्ष पत्रकारिता पर जोर

महोबा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की महोबा जिला इकाई की त्रैमासिक बैठक एवं आर्टिफिशियल …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *