फतेहपुर। हथगांव थाना क्षेत्र की हसवा चौकी के अंतर्गत जमीन पर कब्जेदारी को लेकर बुधवार दोपहर सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि नेशनल हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान फायरिंग की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में हाईवे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पुलिसकर्मियों द्वारा बीच-बचाव करते हुए दिखाई देने की बात कही जा रही है। वहीं, दूसरे वीडियो में फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है। हालांकि पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि गोली किसने चलाई और किसे निशाना बनाया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में विवाद तेरहवां वार्ड से भाजपा के जिला पंचायत सदस्य अजय सिंह उर्फ रिंकू लोहार और भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह पक्ष के बीच सामने आया है। हसवा चौकी क्षेत्र में स्थित जमीन के कुछ हिस्से को वीरेंद्र सिंह के एक पारिवारिक सदस्य ने रिंकू लोहार को बेच दिया था। इसी जमीन पर कब्जेदारी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
बुधवार को जमीन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुछ समय के लिए स्थिति शांत भी हो गई थी, लेकिन इसके बाद वीरेंद्र सिंह पक्ष से कुछ युवक मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
नेशनल हाईवे पर हुई मारपीट के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान फायरिंग की आवाज वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर अभी यह तय नहीं हुआ है कि फायरिंग किस व्यक्ति ने की और गोली किसे निशाना बनाकर चलाई गई।
पुलिस वायरल वीडियो की जांच के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जुटा रही है। मारपीट में दोनों पक्षों के दो लोगों के सिर फटने की भी जानकारी सामने आई है। विवाद के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपनी-अपनी शिकायतें रखीं। थाने में भी काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें भाजपा नेता रिंकू लोहार और वीरेंद्र सिंह भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के कुल छह लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है। क्षेत्राधिकारी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
एसपी ने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
