फतेहपुर। जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर बुधवार को प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों के साथ मंथन किया। पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर गेस्ट हाउस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षेत्रवार समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। इस पर डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को लंबित न रखा जाए। प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समस्याओं के निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता और बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
News Wani
