फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अब रंगमंच पर उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जीवंत किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम के तहत 24 सितंबर से 15 अक्टूबर तक जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 174 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक एवं नाट्य मंचन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा, राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण, जनकल्याण के प्रयासों और सुशासन के माध्यम से हुए बदलावों को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली मंचन के जरिए दर्शाया जाएगा।
कार्यक्रम को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, जिससे सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण का संदेश समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके।
पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक नमो सेवा गाथा जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, सह संयोजक गौरव शुक्ला और जिला प्रवक्ता प्रसून तिवारी मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा द्वारा सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उनके अनुसार, सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को शाम छह से सात बजे तक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की।
उन्होंने बताया कि वडनगर से वाराणसी तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ भी जिले में संचालित हो रही है, जिसका विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जा रहा है।
‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत इन्फ्लुएंसर विकास कार्यों की जमीनी कहानियां लोगों तक पहुंचा रहे हैं। ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लाभार्थी माताओं का सम्मान किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बताया कि ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के तहत एक ही दिन देश के प्रमुख स्थानों पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों से जुड़ी उपलब्धियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
News Wani
