फतेहपुर। किसानों एवं युवाओं व आम आदमी की समस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम किशोर सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर एक ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम सौंपा। ज्ञापन में मांग करते हुए कहा कि प्राइवेट स्कूलों की मनमानी फीस पर तत्काल रोक लगाई जाए और पांच साल में एक बार ही फीस की समीक्षा की जाये। छुट्टा पशुओं के निराकरण हेतु सरकार द्वारा अतिरिक्त धन प्रशासन को मुहैया कराया गया लेकिन धरातल पर स्थिति नहीं बदली है। किसान आज भी परेशान है। समस्या की गम्भीरता को देखते हुये त्वरित रूप से समाधान किया जाये। सभी बेरोजगार युवाओं को सरकारी एवं अर्द्ध सरकारी या प्राइवेट नौकरी व रोजगार की व्यवस्था सुनश्चित की जाये। सभी राज्य कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाये। संविदा कर्मियों की स्थाई नियुक्ति की जाए। अधिकांश ग्राम पंचायतों में गरीब व पात्र व्यक्तियों को सरकारी आवास नही मिल पाते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पर ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव एवं ग्राम विकास अधिकारी द्वारा नियंत्रण है जिससे हेरा-फेरी अधिक हो रही है। इसकी जांच कराकर पात्र व्यक्तियों को जल्द से जल्द सरकारी आवास दिलाये जाए। घरौनी का कार्य बहुत धीमा चल रहा है। इसमें तेजी लायी जाये तथा घरेलू विवादों का निस्तारण शीघ्र किया जा सके। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को जल्द से जल्द से पारित किया जाये । इस मौके पर अभय प्रताप सिंह, शिव शरण सिंह, सत्येन्द्र सिंह, समेत कई लोग मौजूद रहे।