Breaking News

NEET विवाद: पेपर लीक के बाद 2026 परीक्षा रद्द, CBI करेगी जांच

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने भारत सरकार की मंजूरी से, 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 की परीक्षा को रद करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही परीक्षा को दोबारा आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया है, जिसकी सूचना जल्द ही दी जाएगी।जानकारी के अनुसार, भारत सरकार ने यह फैसला किया है कि इस मामले को सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) को सौंपा जाएगा, ताकि इसमें लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा सके। इस जांच में NTA, CBI को पूरा सहयोग करेगी और जांच के लिए जरूरी सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता उपलब्ध कराएगी।

छात्रों को परीक्षा शुल्क किया जाएगा वापस

वहीं, दुबारा परीक्षा के लिए किसी भी नए रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी, और न ही कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा, जो शुल्क पहले जमा किया जा चुका है, वह छात्रों को वापस कर दिया जाएगा  इस बार परीक्षा NTA अपने आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके दोबारा आयोजित करेगी। इसके अलावा दुबारा होने वाली परीक्षा को लेकर आगे की सूचनाएं, आने वाले दिनों में आधिकारिक माध्यमों से जारी किए जाएंगे।

3 मई को देशभर में हुई थी परीक्षा

मालूम हो कि, नीट यूजी परीक्षा का आयोजन 3 मई को देशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर करवाया गया था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को राजस्थान और उत्तराखंड से पेपर लीक को लेकर सूचना मिली थी। जो कथित तौर पर वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते थे। इसके बाद राजस्थान पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच शुरू की थी।

SOG को 400 से अधिक प्रश्नों का एक सेट मिला था

एडिशनल डीजीपी (SOG) विशाल बंसल ने बताया था कि, जांचकर्ताओं को परीक्षा से कुछ दिन पहले प्रसारित किए गए 400 से अधिक प्रश्नों का एक सेट मिला है, जिनमें से 100 से अधिक जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान के प्रश्न नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से काफी मिलते-जुलते हैं।

बंसल ने इसे “अनुमानित प्रश्नपत्र” या टेस्ट सीरीज बताया, लेकिन सूत्रों ने राजस्थान के कई शहरों और देहरादून में तलाशी और पूछताछ के आधार पर कहा कि इसमें किसी गहरी सांठगांठ की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। महाराष्ट्र के लातूर में स्थित एक कोचिंग एकेडमी से भी इसी तरह के वीडियो और प्रश्न पत्र के सेटों की फोटोकॉपी सोशल मीडिया पर साझा की गईं थी।

NTA ने जांच के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजी जानकारी

इसके अलावा NTA ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया था कि, 3 मई की परीक्षा “पूर्ण सुरक्षा प्रोटोकॉल” के तहत आयोजित की गई थी और सभी केंद्रों पर सामान्य रूप से संपन्न हुई। इसमें कहा गया था कि 7 मई की देर रात कुछ संदिग्ध सूचनाएं मिली थी। जिन्हें अगली सुबह स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया था। गिरफ्तारियों या छापों का जिक्र किए बिना, एनटीए ने कहा कि वह जांचकर्ताओं के साथ पूर्ण सहयोग कर रहा है और परीक्षा से संबंधित डेटा और तकनीकी जानकारी साझा कर रहा है। बयान में कहा गया है, परीक्षा प्रक्रिया उस दिन सभी केंद्रों पर योजना के अनुसार संपन्न हुई थी।

About NW-Editor

Check Also

सोमनाथ मंदिर में पहली बार ‘कुंभाभिषेक’ संपन्न, पीएम मोदी हुए शामिल; देशभर की नजरें समारोह पर

गुजरात के सोमनाथ में आज मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे हो रहे हैं। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *