फतेहपुर। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत कक्षा 12 से उच्चतर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित समय सीमा में आवेदन कर सकते हैं।
नवीनीकरण वाले छात्र 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी हार्डकॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। वहीं शिक्षण संस्थानों को 25 अक्टूबर तक बायोमेट्रिक सत्यापन, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज करने के साथ पात्र आवेदनों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन अग्रसारित करना होगा।
नवीन छात्र 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन कर सकेंगे। आवेदन का अंतिम प्रिंट 2 नवंबर तक निकालना होगा, जबकि आवश्यक संलग्नकों के साथ हार्डकॉपी 4 नवंबर तक संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करनी होगी।
शिक्षण संस्थानों को प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण की प्रक्रिया 10 नवंबर तक पूरी करनी होगी। पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।
News Wani
