फतेहपुर। मुख्यमंत्री जनसुनवाई (आईजीआरएस) पोर्टल पर रामपुर बंबा पुल से इब्राहिमपुर संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर दर्ज शिकायत के निस्तारण पर सवाल खड़े हो गए हैं। शिकायतकर्ता ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 पर बिना मौके का निरीक्षण किए और बिना शिकायतकर्ता से संपर्क किए ही शिकायत का निस्तारण करने का आरोप लगाया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार विभागीय आख्या में लिखा गया है कि अवर अभियंता ने शिकायतकर्ता को अवगत करा दिया, जबकि न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही फोन पर शिकायतकर्ता से संपर्क किया गया। करीब एक किलोमीटर लंबे जर्जर मार्ग पर गिट्टी-बजरी फैली होने और जगह-जगह गड्ढों व जलभराव के कारण रामपुर, लक्ष्मणपुर, इब्राहिमपुर समेत कई गांवों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता ने सड़क का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने, मार्ग की मरम्मत कराने और कथित भ्रामक आख्या की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जनसुनवाई में दर्ज शिकायतों का समाधान वास्तव में धरातल पर हो रहा है या फिर केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है। शिकायत के निस्तारण के तरीके को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
News Wani
