फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के कटोघन गांव निवासी स्वर्गीय जगदीश मिश्रा के पुत्र राधेश्याम मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि गत 7 अगस्त को उनका छोटा भाई सुनील कुमार मिश्रा पैदल जा रहा था। तभी तेज रफ्तार बुलेट सवार ने उनके भाई को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान 12 अगस्त को उसकी मृत्यु हो गई।
पीड़ित ने बताया कि घटना के संबंध में थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। कुछ दिनों बाद उसके जानने वाले आशीष कुमार शुक्ला पुत्र अशोक कुमार निवासी आलमपुर गेरिया, थाना खखरेरू ने बताया कि घटना उसके सामने हुई थी। आशीष के अनुसार बुलेट मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 71 बीएम 9173 था और उसी बाइक ने सुनील को टक्कर मारी थी।
पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को वाहन का नंबर उपलब्ध कराया था। इसके बाद पुलिस ने वाहन और उसके मालिक को थाने बुलाया, लेकिन कुछ देर बाद कथित रूप से सांठगांठ कर वाहन और उसके मालिक को छोड़ दिया गया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
News Wani
