Breaking News

दक्षिण अफ्रीका में बार के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, 17 लोगों की मौत: 15 घायल; AK-47 से लैस हमलावर वारदात के बाद फरार

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिमी इलाके वेडेला टाउनशिप में शनिवार रात एक बार में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में 13 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल हैं। घटना के समय बार के बाहर और अंदर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

पुलिस के अनुसार, करीब रात 9:30 बजे हथियारों से लैस करीब 8 अज्ञात हमलावर बार के पास पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाहर बैठे लोगों पर फायरिंग की और फिर बार के अंदर जाकर भी गोलियां चलाईं। हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौल होने की जानकारी सामने आई है।

गोलीबारी के बाद हमलावरों ने कुछ लोगों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और दो अज्ञात वाहनों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अभियान शुरू किया है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।

केपटाउन में भी गोलीबारी, 10 लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में भी रविवार तड़के गोलीबारी की घटना हुई। ल्वांडले इलाके में एक दुकान को निशाना बनाकर किए गए हमले में 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक वारदात करीब रात 1 बजे हुई। हमलावरों और घटना के कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

देश में लगातार बढ़ रही गोलीबारी की घटनाएं

दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी और हत्याओं की घटनाओं को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी से मार्च के बीच देश में प्रतिदिन औसतन करीब 58 हत्याएं दर्ज की गईं। इनमें गोलीबारी से होने वाली मौतें भी शामिल हैं।

वेडेला की घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

About NW-Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *