फतेहपुर, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के पावन अवसर पर फतेहपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही पावन रथ एवं कलश यात्रा का बुधवार को हसवा मंडल के विभिन्न गांवों में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया और संत रविदास महाराज के समरसता, समानता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
यात्रा हसवा मंडल के कोर्रा सादात, मीरपुर, शाहीपुर, मीसा एवं औरेई सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। संत रविदास महाराज के जयघोष और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समरसता संकल्प यात्रा के जिला संयोजक राम सजीवन कोरी ने कहा कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और सामाजिक चेतना का महाअभियान है। उन्होंने जनपदवासियों द्वारा किए गए भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संत रविदास महाराज के विचार आज भी समाज को सद्भाव, समान अधिकार और सामाजिक न्याय की दिशा में प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर सुरेंद्र मौर्य, शशांक सिंह ‘शानू’, सुजीत तिवारी, पवन साहू, कौशलेश पाण्डेय, निरंजना पासवान, माया देवी, राकेश धोबी, दिनेश कुमार, शिवा साहू, संजय पाल, आदर्श सिंह, विनय शंकर पाण्डेय, विनय कुमार, विनीता देवी, अमन द्विवेदी, दीपांशु ‘मिश्र’, नन्द किशोर, छोटे लाल ‘कोरी’ सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

News Wani