महोबा, चरखारी सदर विधायक राकेश कुमार गोस्वामी के बड़े भाई एवं भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व वैज्ञानिक कृष्ण कुमार गोस्वामी का बैंगलुरू में निधन हो गया। उनके निधन से महोबा जनपद सहित क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वह लगभग 90 वर्ष के थे और लंबे समय से बेंगलुरु में निवास कर रहे थे।
परिजनों द्वारा उनका पार्थिव शरीर विमान के माध्यम से चरखारी लाया गया, जहां मुस्करा रोड स्थित शवदाह गृह में पूरे राजकीय सम्मान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्रभर से हजारों लोग पहुंचे। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने दिवंगत वैज्ञानिक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस एवं यातायात पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई। इसके बावजूद महोबा–मुस्करा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
दिवंगत कृष्ण कुमार गोस्वामी ने इसरो में वैज्ञानिक के रूप में अपनी सेवाएं देकर देश के वैज्ञानिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक वर्गों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

News Wani