महोबा। प्रशासन आपके द्वार पहल के तहत बुधवार को विकासखंड पनवाड़ी के रिवई गांव में उपजिलाधिकारी आदेश सिंह सागर की अध्यक्षता में जन चैपाल का आयेाजन किया गया। चैपाल के माध्यम से ग्रामीणों ने मोक्षधाम भूमि पर अवैध कब्जा, पेयजल, जलभराव, सड़क आदि मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। एसडीएम ने गांव का भ्रमण करते हुए बारिश से बर्बाद हुई फसल और क्षति ग्रस्त मकानों का निरीक्षण किया साथ ही गांव की साफ सफाई व अन्य समस्याओं का मौके पर जाकर मुआयना किया। एसडीएम ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए संबन्धित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चैपाल में ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए बताया कि ग्राम के एक हिस्से में पेयजल की समुचित उपलब्धता नहीं हो पा रही है, जिससे यहां लोगों को पानी के लिए काफी जद्दोजहद करना पड़ती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव मे मोक्षधाम के लिए भूमि दर्ज होने के बाद भी उस पर अवैध कब्जा होने से दाह संस्कार के लिए भारी मशक्कत करना पड़ रही है। एडीएम ने पेयजल समस्या के लिए संबन्धित अधिकारी को निस्तारण के लिए निर्देश दिए, जबकि मोक्षधाम की भूमि से अवैध कब्जा प्रकरण पर नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम के एक कच्चे मार्ग को कार्य योजना के तहत चिन्हित किया गया, लेकिन भूमि विवाद के कारण सड़क निर्माण नहीं हो पा रहा है। भूमि विवाद के निस्तारण के लिए नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।चैपाल दौरान दो ऐसे दो ऐसे परिवार संज्ञान में आए जिन्हें आधार कार्ड उपलब्ध न होने के कारण राशन प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। प्रकरण के निस्तारण के लिए आपूर्ति निरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम ने गांव में फसल क्षति का सर्वेक्षण किया। प्रभावित कृषकों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति, मुआवजा उपलब्ध कराए जाने का आश्वासन दिया साथ ही सर्वेक्षण एवं संबंधित कार्रवाई को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अति वर्षा के चलते प्रभावित मकानों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराए जाने के लिए आवश्यक पत्रावली प्रेषित की। गांव में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए नियमित रूप से स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष ध्यान देने के लिए संबंधित को निर्देश दिए। नाली निर्माण, जल निकासी, के संबन्ध में ग्राम सचिव को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इस मौके पर संबंधित लेखपाल, ग्राम सचिव, ग्राम प्रधान एवं कोटेदार सहित तमाम ग्रामीण उपस्थित रहे।

News Wani