Breaking News

किसानों की मांगों को लेकर भाकियू ने खोला मोर्चा, पांच सूत्रीय ज्ञापन देकर आंदोलन की दी चेतावनी

बिजली कटौती, जर्जर सड़क और सरकारी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था का उठा मुद्दा

सुल्तानपुर घोष/फतेहपुर। ऐरायां विकासखंड के दावतपुर मोड़ के पास बुधवार को भारतीय किसान यूनियन राजेश सिंह चौहान गुट (अरा) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन तहसील मीडिया प्रभारी सुनील गौतम ने किया। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री डॉ. लल्लन, तहसील उपाध्यक्ष मुस्ताक अहमद और इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद मोनिस मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में जिला संगठन मंत्री डॉ. लल्लन ने हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद मोनिस और मोहम्मद शमीम पप्पू पटेल को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इसके बाद किसानों और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन मंत्री ने तहसील उपाध्यक्ष मुस्ताक अहमद, तहसील मीडिया प्रभारी सुनील गौतम, युवा ब्लॉक अध्यक्ष नरसिंह यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहम्मद मोनिस सहित यूनियन के पदाधिकारियों व किसानों की मौजूदगी में उपनिरीक्षक हरेराम को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
संगठन मंत्री ने क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती पर चिंता जताते हुए कहा कि मोहम्मदपुर गौती ग्राम सभा के मजरे नया पुरवा की बिजली लाइन कृषि फीडर से जुड़ी होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की।
इसके अलावा मदागंज गांव की जर्जर सड़क का निर्माण कराने, दावतपुर मोड़ से मोहम्मदपुर गौती संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने तथा मोहम्मदपुर गौती स्थित सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के साथ चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग उठाई गई। इजुरा मोड़ से संकठन घाट तक संपर्क मार्ग की खराब हालत को सुधारने की भी मांग की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों और क्षेत्र की समस्याओं का जल्द निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन और हड़ताल करने के लिए मजबूर होगा।
बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विचार-विमर्श किया तथा संगठन को और मजबूत व प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
इस मौके पर ऐरायां ब्लॉक युवा अध्यक्ष नरसिंह यादव, ब्लॉक संगठन मंत्री जुबैर अहमद, अर्जुन सिंह गौतम, शिव बाबू पांडेय समेत यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय किसान मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, पत्नी को अस्पताल छोड़कर लौट रहा था घर

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नवाबाग एनएच-2 पर बुधवार की सुबह पत्नी को अस्पताल छोड़कर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *