फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के नवाबाग एनएच-2 पर बुधवार की सुबह पत्नी को अस्पताल छोड़कर घर वापस जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी 40 वर्षीय सुखराज सिंह यादव पुत्र स्व. रामप्रसाद अपनी पत्नी सुमन, जो जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ हैं, को सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल छोड़कर घर वापस जा रहे थे। जब वह नवाबाग एनएच-2 स्थित गोपाल स्वीट्स के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि सुखराज सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।
News Wani
