फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम सराय इदरीश में मंगलवार की दोपहर मछली पकड़ने गए 32 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह तालाब से बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार सराय इदरीश निवासी मुन्नूलाल लोधी का पुत्र दिनेश कुमार मंगलवार दोपहर गांव से कुछ दूरी पर स्थित जंगल तालाब में मछली पकड़ने गया था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बुधवार सुबह गांव के लोगों ने तालाब में दिनेश कुमार का शव उतराता हुआ देखा और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया।
पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिजनों ने आशंका जताई कि दिनेश कुमार की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।
News Wani
