खागा, फतेहपुर। जिस करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उसी दिन खागा कोतवाली क्षेत्र के पुरइन गांव में एक विवाहिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पति बच्चों को स्कूल छोड़ने चला गया। इसी दौरान 32 वर्षीय सुमन देवी ने घर की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठने से गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पुरइन गांव निवासी विमलेश चौहान खागा पावर हाउस में मजदूरी करता है। गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर विमलेश और उसकी पत्नी सुमन देवी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद विमलेश अपने तीन बच्चों कृष्णा, मानव और पायल को स्कूल छोड़ने चला गया।
बताया जा रहा है कि पति के घर से जाने के बाद सुमन दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई और आत्महत्या कर ली। स्कूल से लौटने पर पति को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर मझिलगांव चौकी से उपनिरीक्षक प्रभाष चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मकनपुर गांव में बताया गया है।
कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
News Wani
