Breaking News

इलाज के लिए पैसों की चाह में मंदिरों की मूर्तियां तोड़ीं, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

फतेहपुर। जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में तीन मंदिरों की मूर्तियां क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। ग्रामीणों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने गांव के ही मनोज को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने मूर्तियों को क्षतिग्रस्त करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे उम्मीद थी कि मूर्तियां टूटने के बाद मंदिरों का दोबारा निर्माण कराया जाएगा, जिसमें उसे मजदूरी मिल सकेगी। मजदूरी से मिलने वाले पैसों से वह अपना इलाज करा सकेगा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और उसे मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सात बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि बेहटा गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने तीन मंदिरों की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।

इस संबंध में दयाशंकर की तहरीर पर बिंदकी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस ने गांव के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान गांव के ही मनोज की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

मंदिर निर्माण में मजदूरी मिलने की थी उम्मीद

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे लगा था कि मूर्तियों के क्षतिग्रस्त होने के बाद मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इससे उसे मजदूरी का काम मिल सकेगा और वह अपनी बीमारी के इलाज के लिए पैसे जुटा पाएगा।

अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में घरेलू विवाद के बाद विवाहिता की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

खागा, फतेहपुर। जिस करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *