आरा। टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा -पटना बाईपास रोड स्थित सपना सिनेमा मोड़ सूर्य मंदिर के समीप सोमवार को एक बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल से रेफर कर दिया गया। मृतक सिन्हा थाना क्षेत्र के संजोई गांव निवासी चंदेश्वर सिंह उर्फ करीमन सिंह थे। वे पेशे से चालक थे और ट्रांसपोर्ट की गाड़ी चलाते थे।

आरा में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत
वहीं घायल उनके दोस्त नवादा थाना क्षेत्र के वीडियो ब्लाक रोड निवासी स्व. बिहारी पांडेय के 50 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार पांडेय हैं। हादसे के बाद स्कार्पियो लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
इधर, हादसे से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और आरोपित चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सपना सिनेमा मोड़ सूर्य मंदिर के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सड़क जाम की सूचना मिलते ही टाउन एवं ट्रैफिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर स्कार्पियो को जब्त कर लिया है।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में मारी टक्कर
स्वजन ने बताया कि सोमवार को चंदेश्वर सिंह अपने दोस्त सुमित कुमार पांडेय के साथ बाइक से प्रखंड कार्यालय रोड से बाईपास रोड स्थित ट्रांसपोर्ट जा रहे थे,तभी सपना सिनेमा मोड़ मंदिर के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चंदेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमित कुमार पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक चार भाइयों और चार बहनों में दूसरे स्थान पर थे। परिवार में पत्नी आरती देवी, पुत्र बमबम सिंह और पुत्री रागिनी कुमारी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
News Wani
