महोबा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को महोबा में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ और लोकतंत्र बचाओ’ के नारों के साथ शहर में जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा।
प्रदर्शन की शुरुआत अंबेडकर पार्क स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सपा कार्यकर्ता तहसील चौराहा, मुख्य बाजार, सराफा चौराहा और ऊदल चौक होते हुए आल्हा चौक पहुंचे। पूरे रास्ते कार्यकर्ता ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाते रहे।
आल्हा चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने की कोशिश की। पुलिस ने एक पुतला कार्यकर्ताओं से छीन लिया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने दूसरे पुतले को पुलिस को चकमा देकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और पुतला अपने कब्जे में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान सपा के युवा नेता योगेश यादव योगी हाथों और शरीर में प्रतीकात्मक बेड़ियां बांधकर पहुंचे। उनके हाथ में संविधान की किताब थी। उन्होंने इस प्रदर्शन के जरिए लोकतंत्र और संविधान की स्थिति को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
अंबेडकर पार्क में सपा जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और वोटों की हेराफेरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो सपा कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए तैयार रहेंगे।
हमीरपुर कोआपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव ने एसआईआर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं और अब लोग नाम जुड़वाने के लिए परेशान हो रहे हैं।
महेंद्र सिंह राजपूत वीरा ने कहा कि सपा की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगी। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष कुंभकरण यादव, प्राण सिंह यादव, बाबू मंसूरी, रमेशचंद्र, जिला महामंत्री ताहिर उद्दीन समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
News Wani
