सादाबाद, हाथरस : हाथरस के सादाबाद में गुरुवार देर रात मौसम विभाग की चेतावनी के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। देर रात तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश शुक्रवार तड़के करीब चार बजे तक रुक-रुक कर जारी रही। तेज हवाओं और बारिश के कारण नगर व आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर बिजली लाइनों पर गिरने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई, जिससे कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली के खंभे में उतरा करंट: आंधी-बारिश के दौरान नगर की कूपा गली में एक बिजली के खंभे में करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए विद्युत लाइनों और खंभों की समय पर जांच कराने की मांग की है।
दो मंजिला मकान का छज्जा गिरा: इसी बीच, नगर की त्यागी कॉलोनी के सामने स्थित एक दो मंजिला मकान का छज्जा तेज आंधी के कारण सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, छज्जा गिरने के बाद मकान का गाटर हवा में लटक गया है और मकान के अन्य पत्थर भी ढीले हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में हल्की या तेज आंधी आने पर शेष हिस्सा भी गिर सकता है, जिससे आसपास के निवासियों और राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है।
राहगीरों की जान को खतरा बना: क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस जर्जर मकान का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और मकान मालिक को आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिरी: आंधी और बारिश के कारण नगर के कई इलाकों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर बिखर गईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। बिजली विभाग की टीमें रात से ही फॉल्ट तलाशने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के काम में जुटी हुई हैं।
News Wani
