फतेहपुर। जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय से जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में जूम के माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में गंगा-यमुना नदियों की स्वच्छता, प्राकृतिक खेती, ठोस एवं जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन और सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में गंगा एवं यमुना नदियों के किनारे बसे उन गांवों में फिल्टर चेंबरों और नालों की साफ-सफाई कराएं, जिनका पानी नदियों में जाता है। वन विभाग द्वारा गांवों के निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों पर भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आवश्यक कार्य कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्मल गंगा, अविरल गंगा, जन गंगा, ज्ञान गंगा एवं अर्थ गंगा के तहत किए जा रहे कार्यों के साथ जन-जागरूकता को और बढ़ाया जाए। गंगा किनारे बसे गांवों के अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जैव चिकित्सा अपशिष्ट, ई-वेस्ट प्रबंधन तथा सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक की जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने को कहा।
व्यापारियों एवं दुकानदारों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक करने और कपड़े एवं जूट के थैलों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन में सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग एकत्र कर उसका नियमानुसार निस्तारण कराने तथा जैव चिकित्सा अपशिष्ट का उचित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए पर्यावरण एवं गंगा समिति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, डीएफओ, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा समितियों के नामित सदस्य सहित संबंधित अधिकारी जूम के माध्यम से जुड़े।

News Wani