फतेहपुर। बुधवार को ठाकुर शिवप्रताप सिंह इंटर कॉलेज शाह में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ विकासखंड बहुआ का निर्वाचन संपन्न हुआ। निर्वाचन जिला पर्यवेक्षक अनुराग मिश्रा, दिग्विजय सिंह एवं आशीष सिंह यादव की देखरेख तथा लालबहादुर सिंह के संरक्षण और अटेवा जिलाध्यक्ष निधान सिंह, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री अरुण मिश्रा की उपस्थिति में कराया गया।
विकासखंड में कार्यरत शिक्षकों की सदस्यता सूची प्रकाशित की गई। निर्धारित समय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए, लेकिन तय अवधि तक किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके चलते देवशरण शुक्ला को ब्लॉक अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाओं में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। शिक्षक साथियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवशरण शुक्ला का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। बड़ी संख्या में शिक्षकों की मौजूदगी और निर्विरोध निर्वाचन ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
निर्वाचन के दौरान कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई। पंकज पासवान को महामंत्री, चंद्रकांत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उदित सचान को कोषाध्यक्ष तथा प्रियम साहू को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
इस अवसर पर जिला संयोजक शैलेन्द्र भदौरिया सहित महेंद्र पाल यादव, राकेश तिवारी, वेद प्रकाश, जितेंद्र यादव, परशुराम वाजपेयी, सुनील गुप्ता, रेनू सिंह, मोनिका वर्मा, कविता तिवारी, राजकुमार, आदित्य, उदित गुप्ता, शिवकरण सिंह, प्रवीण द्विवेदी, किरण गुप्ता आदि शिक्षक मौजूद रहे।
News Wani
