Breaking News

फतेहपुर के आरवीएस स्कूल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मचाया धमाल, 16 पदक जीतकर बढ़ाया जिले का मान

फतेहपुर। आरवीएस इंटरनेशनल स्कूल के प्रतिभा संपन्न मार्शल आर्ट विद्यार्थियों ने राजस्थान के जोधपुर स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती स्मृति धाम में आयोजित छठी हैंड-टू-हैंड फाइटिंग राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 गोल्ड, 6 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर विद्यालय, जनपद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का नाम भी रोशन किया। प्रतियोगिता में पूरे देश में स्कूल ने सेकंड रनर्स-अप की बेशकीमती ट्रॉफी भी अपने नाम कर शानदार उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के चेयरमैन बिंदा सिंह ने इस अभूतपूर्व प्रदर्शन के लिए सभी खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। एकेडमिक डायरेक्टर वीशा मोहिंद्रा ने भी अपने संदेश में खुशी जाहिर करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रधानाचार्या सुनीता श्रीवास्तव ने विशेष असेंबली में सभी प्रतियोगियों को सम्मानित किया और उन्हें इसी लगन के साथ पढ़ाई में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के मार्शल आर्ट प्रशिक्षक नीरज शर्मा ने बताया कि हैंड-टू-हैंड फाइटिंग स्पोर्ट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रेसिडेंट मास्टर प्रदीप शिंदे से प्राप्त निमंत्रण के बाद विद्यार्थियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराया गया।

विद्यालय की कुशाग्र छात्रा काव्या सिंह ने अपने वर्ग में एक के बाद एक प्रतियोगी मार्शल आर्टिस्टों से मिली चुनौतियों को ध्वस्त करते हुए न केवल गोल्ड मेडल जीता, बल्कि बेस्ट फाइटर की ट्रॉफी पर भी अपना नाम अंकित करा दिया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाले विद्यार्थियों में वैभव सिंह (कक्षा 7), राजवी गुप्ता और शौर्य गुप्ता (दोनों कक्षा 8), शिवांश मणि सिंह और काव्या सिंह (दोनों कक्षा 5) तथा तेजस प्रताप सिंह (कक्षा 6) शामिल रहे। सभी ने अपनी तेजी, सतर्कता और सटीक आक्रमण सहित शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया।

सिल्वर मेडल जीतने वालों में नकुल सिंह, सुमित सिंह और विजय दत्त हलवाई (तीनों कक्षा 10), प्रियांशु प्रताप सिंह (कक्षा 12), कृष्णा सिंह (कक्षा 6) और आलोक सिंह (कक्षा 8) शामिल रहे।

वहीं ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले विद्यार्थियों में शिवम सिंह (कक्षा 9), अध्यात्म तिवारी (कक्षा 7), साक्षी सिंह और रेहान सिंह यादव (दोनों कक्षा 11) रहे।

जोधपुर से पदकों के साथ लौटे विद्यार्थियों का विद्यालय पहुंचने पर सभी कर्मचारियों ने मिठाई खिलाकर शानदार स्वागत किया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में रहस्यमयी बीमारी से परिवार पर टूटा कहर, ढाई महीने में तीन बच्चों की हुई मौत

फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के ग्राम सिठौरा में 13 वर्षीय किशोरी को उल्टी और पेट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *